home page

सोनीपत: लाल सिंह की पीटकर हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार

 | 

सोनीपत, 01 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के खरखौदा थाना पुलिस ने गांव कंवाली में लाठी-डंडों

से पीटकर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी रविन्द्र निवासी गांव कंवाली को 31 अक्टूबर को अदालत में पेश किया गया, जहां

से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी रवि को

पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार छह अक्टूबर 2026 को गांव कंवाली निवासी सचिन

ने शिकायत दी थी कि उसके पिता लाल सिंह पांच अक्टूबर की रात गांव की फिरनी पर स्थित

अपनी भट्ठी देखने गए थे। वह खून से लथपथ हालत में घर पहुंचे। पूछने पर उन्होंने बताया

कि रास्ते में गांव के रवि और रविन्द्र ने उनका रास्ता रोककर कहासुनी और मारपीट की।

दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और दोबारा मिलने

पर जान से मारने की धमकी दी।

परिजन लाल सिंह को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत ले गए।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर

दिया गया। इलाज के दौरान 16 अक्टूबर को लाल सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शिकायत

के आधार पर खरखौदा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। सहायक उपनिरीक्षक

अनिल की टीम ने पहले रवि को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उपनिरीक्षक अमित की टीम ने

दूसरे आरोपी रविन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ

कर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना