home page

सोनीपत में दो कैंटर वाहन टकराए, दो लोगों की मौत

 | 
सोनीपत में दो कैंटर वाहन टकराए, दो लोगों की मौत


सोनीपत, 30 जून (हि.स.)। हरियाणा के सोनीपत में मंगलवार तड़के अर्बन एक्सटेंशन रोड-दो पर गांव हलालपुर के पास दो कैंटर वाहनों के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार एक वाहन में मुर्गियां थी, जबकि दूसरे वाहन में प्लाईबोर्ड था। तड़के चार बजे के करीब मुर्गियों से भरा वाहन आगे चल रहे वाहन से जा टकराया। इसमें चालक और उसके साथ बैठे एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों के पास ऐसा कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उनकी पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। वाहन के पंजीकरण के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि वाहन मालिक के पहुंचने के बाद ही मृतकों की पहचान होने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान होने पर उनके परिजनों को सूचना दी जाएगी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

-----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना