सोनीपत में अवैध औद्योगिक शेड, कार्यालय और स्टोर ध्वस्त
सोनीपत, 19 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) ने नियंत्रित क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ
कार्रवाई करते हुए गांव बाजीदपुर सबौली में करीब आधा एकड़ भूमि पर बने निर्माणाधीन
औद्योगिक शेड, कार्यालय और स्टोर बुधवार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई हाई स्कूल के
चारों ओर घोषित नियंत्रित क्षेत्र में की गई।
उपायुक्त
नेहा सिंह के निर्देश पर एसएमडीए की टीम अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ लगातार
कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, अवैध निर्माणों को शुरुआती स्तर पर ही हटाया
जा रहा है, ताकि बिना अनुमति निर्माण पर रोक लगाई जा सके। बुधवार को की गई कार्रवाई
नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई। मौके पर जिला नगर योजनाकार,
प्रवर्तन स्टाफ, ड्यूटी मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश, एसडीओ मुरथल और पुलिस बल मौजूद रहा।
टीम ने करीब आधा एकड़ क्षेत्र में निर्माणाधीन औद्योगिक शेड, कार्यालय और स्टोर सहित
अन्य अवैध ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
जिला
नगर योजनाकार (डीटीपी) नीलम शर्मा ने कहा कि एसएमडीए अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के
खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने लोगों से भू-माफियाओं के बहकावे में
आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट नहीं खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों
में सरकार की ओर से सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिससे लोगों की मेहनत की कमाई
जोखिम में पड़ सकती है।
नीलम
शर्मा ने बताया कि नियंत्रित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले एसएमडीए
के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति किए गए निर्माण
या अवैध कॉलोनी को नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम के तहत ध्वस्त किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

