सोनीपत : मुख्यमंत्री दौरे से पहले उपायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा
सोनीपत, 25 मार्च (हि.स.)। गोहाना
विधानसभा क्षेत्र में 29 मार्च को प्रस्तावित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे को
लेकर लघु सचिवालय में बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त
नेहा सिंह ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों पर विस्तृत
चर्चा हुई।
बैठक
में स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा, सिंचाई सहित अन्य विभागों से संबंधित उन परियोजनाओं
की समीक्षा की गई, जिनका लोकार्पण और शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना है। उपायुक्त
ने निर्देश दिए कि शिलान्यास वाली परियोजनाओं की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर मुख्यालय
से स्वीकृति लेना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थलों पर लोकार्पण होना
है, वहां साफ-सफाई, सौंदर्यकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं,
ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य
करने और किसी प्रकार की कमी न छोड़ने के निर्देश दिए गए।
बैठक
में कार्यक्रम से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान
एसडीएम सुभाष चंद्र, एसडीएम अंजली, सीटीएम डाॅ. अनमोल, डीडीपीओ मनीष मलिक, डिप्टी सीएमओ
डाॅ. अनिता, डीईओ नवीन गुलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

