home page

सोनीपत: मुख्यमंत्री की विकास घोषणाओं पर कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से ली रिपोर्ट

 | 
सोनीपत: मुख्यमंत्री की विकास घोषणाओं पर कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से ली रिपोर्ट


सोनीपत, 04 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री

नायब सिंह सैनी की गोहाना विकास रैली में की गई 700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास घोषणाओं

को समय पर धरातल पर उतारने के लिए सरकार ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया

तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार

को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

कर मुख्यमंत्री की प्रत्येक घोषणा की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।

बैठक

में मंत्री ने विभागवार समीक्षा करते हुए अब तक हुई कार्रवाई, स्वीकृतियों की स्थिति,

लागत अनुमान, निविदा प्रक्रिया और कार्य शुरू होने की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने

स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं का लाभ तय समय में जनता तक पहुंचना चाहिए और

विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। डॉ. अरविंद

शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी परियोजना में बजट, तकनीकी स्वीकृति,

प्रशासनिक मंजूरी, भूमि उपलब्धता, विभागीय अनुमति या किसी अन्य कारण से बाधा आ रही

है तो उसकी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाए, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर फाइलें लंबित नहीं रहनी चाहिएं और सभी विभाग आपसी

समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक

में गोहाना क्षेत्र की सड़कों के निर्माण व सुधार, पेयजल व्यवस्था, गलियों के निर्माण,

स्टेडियम सहित अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं

से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं, क्योंकि इनका सीधा संबंध आम लोगों

की दैनिक जरूरतों से है। बैठक में उपायुक्त नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा,

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, शुगर मिल की प्रबन्ध निदेशक अंकिता

वर्मा, उपमंडल अधिकारी (ना.) अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित

रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना