home page

सोनीपत: धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर महापौर ने की पूजा-अर्चना, सुख-समृद्धि की कामना

 | 
सोनीपत: धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर महापौर ने की पूजा-अर्चना, सुख-समृद्धि की कामना


सोनीपत, 09 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत नगर निगम के महापौर राजीव जैन ने सोमवार को विभिन्न

धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और लोगों के सुख, शांति एवं समृद्धि

की कामना की। इस दौरान उन्होंने भगवान महावीर, भगवान विश्वकर्मा और भगवान श्रीकृष्ण

के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

महावीर निर्वाण दिवस पर महापौर राजीव जैन अपनी धर्मपत्नी एवं

हरियाणा सरकार की पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन के साथ सेक्टर-15 स्थित दिगंबर जैन

मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महावीर की पूजा-अर्चना की और निर्वाण लाडू अर्पित

किया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा, त्याग और संयम के सिद्धांत आज

भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। इन आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में शांति और

सद्भाव कायम किया जा सकता है। इसके बाद महापौर ककरोई रोड स्थित भगवान श्री विश्वकर्मा मंदिर

पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने

कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, कला और कौशल के प्रतीक हैं। उनके जीवन से मेहनत,

लगन और रचनात्मकता के साथ काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लोगों को भगवान विश्वकर्मा

दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं, खाटू श्याम मंदिर सोनीपत धाम में आयोजित गोवर्धन पूजा

में भी महापौर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भंडारे में श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद

वितरित किया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति और गौमाता के संरक्षण का संदेश

देने वाला पर्व है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, गोकुल में इंद्रदेव के प्रकोप से भारी

वर्षा होने पर भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर गोकुलवासियों

और गौमाता की रक्षा की थी। इस घटना से भगवान श्रीकृष्ण ने प्रकृति के संरक्षण और अहंकार

से दूर रहने का संदेश दिया। महापौर ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व समाज में भाईचारे,

सद्भाव, सेवा और मानवता की भावना मजबूत करते हैं। भगवान महावीर के अहिंसा और सत्य,

भगवान विश्वकर्मा के कर्म एवं सृजन तथा भगवान श्रीकृष्ण के प्रकृति संरक्षण के संदेशों

को अपनाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना