सोनीपत: जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर शिक्षकों को नोटिस जारी
-अत्यधिक लापरवाही करने वाले शिक्षकों
की एक दिन की सैलरी काटने के भी निर्देश
सोनीपत, 14 मई (हि.स.)। सोनीपत
की उपायुक्त नेहा सिंह ने जनगणना डयूटी में में लापरवाही पर शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश जारी किए हैं। गुरुवार को यहां आयोजित बैठक
में जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया।
उपायुक्त ने ऐसे शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन
शिक्षकों की लापरवाही ज्यादा पाई जाएगी, उनकी एक दिन की सैलरी काटने के आदेश भी दिए
गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ड्यूटी में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं
की जाएगी।
जानकारी
दी गई कि जनगणना का पहला चरण 30 मई तक पूरा किया जाएगा। दूसरा चरण नौ फरवरी से 28 फरवरी
2027 तक चलेगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और जारी दिशा
निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने
बताया कि जनगणना के आंकड़े सरकार की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका
निभाते हैं। इसलिए इस काम में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त
ने जिलावासियों से अपील की कि गणनाकर्ताओं के साथ सहयोग करें और मांगी गई जानकारी सही
तरीके से दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय
रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सरकारी आंकड़े तैयार करने के लिए किया जाता है। बैठक
में सीटीएम सिमरन, जिला जनगणना समन्वय अधिकारी गौरव कुमार, डीईओ नवीन गुलिया और अन्य
संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

