सोनीपत: चावल की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, 40 लाख की अवैध शराब पकड़ी
सोनीपत, 09 मई (हि.स.)। सोनीपत
में चुनाव के बीच अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। सीआईए और आबकारी
विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रक में चावल के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही एक
हजार नब्बे पेटी शराब शुक्रवार की रात को बरामद की। पुलिस ने गांव खेवड़ा निवासी चालक दीपक को मुरथल क्षेत्र
से गिरफ्तार कर थाना मुरथल में मामला दर्ज किया है। बरामद शराब की कीमत करीब चालीस
लाख रुपये बताई गई है।
सीआईए-एक
प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि एएसआई विजयेश्वर अपनी टीम के साथ गोहाना रोड बाइपास पर
गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पंजाब से पानीपत होते हुए दिल्ली की ओर जा
रहे ट्रक में शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही भिगान टोल के पास दिल्ली
की ओर नाकाबंदी की गई और आबकारी विभाग को सूचना दी गई।
कार्रवाई
के दौरान इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, सीआईडी इंचार्ज खरखौदा जितेंद्र, सब इंस्पेक्टर
राजेश सीएम फ्लाइंग, एएसआई शिवकुमार तथा स्थानीय थाना पुलिस मौजूद रही। कई घंटों तक
चली कार्रवाई के बाद ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस सुरक्षा में रखा गया। आबकारी
निरीक्षक सोमबीर की मौजूदगी में ट्राले से पेटियां उतरवाकर गिनती और जांच की गई। ट्राले
से कुल एक हजार दो सौ अड़तीस पेटियों में तेरह हजार चार सौ सोलह बोतलें और पांच हजार
सात सौ साठ पव्वे बरामद हुए। इनमें सात सौ इक्कीस पेटियों में आठ हजार छह सौ बावन बोतलें
सात सौ पचास एमएल की मिलीं। इसके अलावा एक सौ बीस पेटियों में पांच हजार सात सौ साठ
पव्वे एक सौ अस्सी एमएल के तथा तीन सौ सत्तानवे पेटियों में चार हजार सात सौ चौंसठ
बोतलें सात सौ पचास एमएल की बरामद की गईं।
पुलिस
पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक में चावल लदा है और इसे मध्य प्रदेश के सतना ले जाना
है। बिल्टी दिखाने पर संदेह होने पर ट्रक की जांच की गई। पीछे चावल के कट्टे मिले,
जबकि आगे शराब की पेटियां छिपी मिलीं। लाइसेंस और बिल मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज
नहीं दिखा सका। आबकारी निरीक्षक ललित कुमार की मौजूदगी में जांच के दौरान रॉयल स्टैग
और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की शराब बरामद हुई।
पूछताछ
में सामने आया कि ट्रक गांव सिसाना निवासी नान्हा का है। शुरुआती जांच में पता चला कि शराब बिहार ले जाई जा रही थी। पेटियों
पर सेल फॉर पंजाब लिखा मिला। बिहार में शराबबंदी के कारण इसकी कीमत अधिक मिलने की संभावना
के चलते तस्करों ने चावल की आड़ अपनाई। शराब पंजाब के मोहाली स्थित साहिबजादा अजीत
सिंह नगर से ट्रक में लोड की गई थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य
लोगों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

