home page

सोनीपत: घर बैठे कमाई का झांसा देकर 2.85 लाख ठगे, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 

सोनीपत, 21 नवंबर (हि.स.)। घर बैठे काम करने और अच्छी कमाई का

लालच देकर एक महिला से दो लाख 85 हजार रुपये ठगने के मामले में मोहाना थाना पुलिस ने

दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के नागपुर

निवासी पियूष और हिसार जिले के बालसमंद निवासी भूप के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार

को दोनों न्यायालय में पेश किए, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सोनीपत जिले की एक महिला ने 31 दिसंबर

2025 को मोहाना थाना में शिकायत दी थी कि वह पढ़ाई के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल करती

है। 28 जून 2025 को उसके पास नेहा पांडे नाम की युवती का फोन और संदेश आया। उसने महिला

को घर बैठे काम करके पैसे कमाने का झांसा दिया और टास्क पूरे करने के लिए टेलीग्राम

पर सुपर ग्रुप से जुड़ने को कहा। महिला ने ग्रुप में शामिल होकर कुछ टास्क पूरे किए

तो शुरुआत में उसे इसके बदले पैसे भी मिले।

इसके बाद 29 जून को आरोपियों ने दोबारा फोन कर कहा कि उससे

गलती हो गई है और उसका खाता फ्रीज हो गया है। खाता दोबारा चालू करवाने के नाम पर आरोपियों

ने उसे दिए गए यूपीआई नंबरों पर पैसे जमा कराने को कहा। महिला ने उनके बताए अनुसार

अलग-अलग फर्जी बैंक खातों में रकम जमा करवा दी। इस तरह आरोपियों ने उससे दो लाख 85

हजार रुपये ठग लिए।

शिकायत के आधार पर मोहाना थाना में भारतीय न्याय संहिता की

संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक

राजकिशन की टीम ने पहले इस घटना में शामिल सिरसा जिले के ऐलनाबाद निवासी विनित कुमार

और गौरव को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने आगे की जांच और आरोपियों की तलाश करते हुए

पियूष और भूप को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं

की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना