home page

सिरसा: लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाला राजस्थान से दबोचा

 | 
सिरसा: लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाला राजस्थान से दबोचा


सिरसा, 03 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर दो लाख 89 हजार रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को राजस्थान के सीकर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शुक्रवार को बताया कि सिरसा निवासी एक महिला की शिकायत पर 20 मार्च को मामला दर्ज किया गया था।

पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया किउसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह टेलीग्राम ऐप से जुड़ गई, जहां उसे शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के माध्यम से मोटा मुनाफा कमाने के संदेश दिखाए गए। साइबर अपराधियों ने महिला को झांसे में लेने के लिए शुरुआत में उसके द्वारा लगाए गए पैसों पर नकली मुनाफा दिखाया और कुछ राशि उसके खाते में वापस भेजी, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद महिला ने अधिक लाभ के लालच में आकर धीरे-धीरे दो लाख 89 हजार रुपये निवेश कर दिए। जब महिला ने अपनी पूरी राशि निकालने का प्रयास किया तो संबंधित लिंक बंद हो चुका था और वह ठगी का शिकार हो चुकी थी।

पीडि़ता की शिकायत के आधार पर 20 मार्च को साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी राजस्थान के सीकर निवासी कुलदीप सिंह को सीकर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma