home page

सिरसा: नशे के काराेबार काे बढ़ावा देने पर सिक्योरिटी एजेंट निलंबित

 | 

सिरसा, 28 मई (हि.स.)। डबवाली एसपी ने सुरक्षा सहायक (सिक्योरिटी एजेंट) इंद्रदेव को सस्पेंड कर दिया है। इंद्रदेव की नशे के कारोबार में संलिप्त होने की शिकायतें सामने आई थी, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए पहले उन्हें लाइन हाजिर किया गया और बाद में निलंबित कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को इसकी पुष्ट करते हुए बताया कि इंद्रदेव को निलंबित कर दिया गया है। इंद्रदेव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पैसों के लेन-देन का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति सिविल ड्रेस में नजर आ रहा है, जिसकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई वीडियो वायरल होने से पहले ही शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 5 मई का है। वायरल वीडियो डबवाली क्षेत्र के गांव जोगीवाला स्थित एक मेडिकल स्टोर का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

तार चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने ट्यूबवेल तार चार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को डबवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरीशुदा तार व ट्यूबवेल की मोटर बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में नौ वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरजीत सिंह, लखविंदर सिंह व पाला राम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गांव चौटाला निवासी एक व्यक्ति ने ट्यूबवेल की मोटर व तांबे की तार चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने जांच करते हुए चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी गुरजीत सिंह, लखविंद्र सिंह व पालाराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की नौ घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। वहीं आरोपी पाला के आपराधिक रिकार्ड खंगाला गया तो उसके खिलाफ लूट व डकैती के दो अभियोग थाना सदर डबवाली में पहले से दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाकर चोरीशुदा सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma