home page

सिरसा नगर परिषद के तीन अधिकारी सस्पेंड

 | 
सिरसा नगर परिषद के तीन अधिकारी सस्पेंड


सिरसा, 22 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नगर परिषद सिरसा में हुए विकास कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन अधिकारियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। साथ ही डीएमसी का एक माह का वेतन काटने का भी निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा संबंधित ठेकेदार पर तुरंत प्रभाव से केस दर्ज करने के साथ-साथ उसकी प्रोपार्टी की भी जांच करने व नुकसान की भरपाई भी उससे करने के निर्देश दिए। सिरसा के पंचायत भवन में रविवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायतों का निपटारा करते हुए मुख्यमंत्री लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ काफी सख्त नजर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लापरवाही को किसी भी तरीक से सहन नहीं किया जाएगा और अधिकारी व कर्मचारी किसी के दबाव में नहीं बल्कि जनहित में काम करें। मुख्यमंत्री ने 15 में से 13 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जबकि दो शिकायतों को अगली बैठक के लिए रखा।

मुख्यमंत्री ने नगर परिषद सिरसा के तीन पार्षदों संजीव रातुसरिया, दीपक बांसल व राजेंद्र जांगड़ा की शिकायत पर कड़ा एक्शन लेते हुए बिना गली निर्माण किए हुए ही पेमेंट की अदायगी करने पर नगर परिषद सिरसा के कार्यकारी अभियंता, एसडीओ व जेई को सस्पेंड करने के साथ-साथ चीर्जशीट के आदेश दिए।

साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि निलंबन के बाद उपरोक्त अधिकारियों के खिलाफ बर्खास्तगी की भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मुख्यमंत्री को उपायुक्त द्वारा बनाई गई एक कमेटी ने रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि धरातल पर कुछ गलियां कम बनी हुई हैं, जबकि मापक बुक (एमबी) में ज्यादा दिखाई गई हैं और बिना बनाए ही पेमेेंट की अदायगी भी कर दी गई। इतना सुनते ही मुख्यमंत्री ने इस मामले में संलिप्त तकनीकी विभाग के जेई से लेकर एक्सईएन तक लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए सस्पेंड के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने तकनीकी खामी के चलते प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत नरमे का बीमा क्लेम न मिलने पर कहा कि बीमा कंपनी अकेले सिरसा ही नहीं प्रदेश के सभी जिलों के किसानों को 20 दिसम्बर तक बीमा क्लेम जारी करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma