सरकारी विभागों में लागू होंगे साइबर सुरक्षा नियम
डिजिटल भुगतान को लेकर सरकार सख्त
15 कार्यदिवस में वित्त विभाग को देनी होगी तैयारी की रिपोर्ट
नियमों का पालन नहीं करने पर रुक सकता है डिजिटल भुगतान
चंडीगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने सरकारी विभागों में डिजिटल भुगतान और सरकारी धन की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाया है। साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन लेन-देन में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए वित्त विभाग ने सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, प्राधिकरणों और विश्वविद्यालयों को साइबर सुरक्षा के चार नियम तुरंत लागू करने के निर्देश दिए हैं।
वित्त विभाग की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, अब सभी विभागों को अपने बैंक खातों में होने वाले ऑनलाइन लेन-देन का रोजाना मिलान करना होगा। सरकारी लेखा प्रणाली और बैंक के रिकॉर्ड में अंतर मिलने पर 24 घंटे के भीतर उसकी जांच कर समाधान करना जरूरी होगा।
सरकार ने बैंकों के साथ लाभार्थियों और भुगतान पाने वालों की अधिकृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस सूची में शामिल खातों के अलावा किसी दूसरे खाते में सरकारी रकम भेजने या भुगतान करने की अनुमति नहीं होगी। बैंकों को भी निर्देश दिए जाएंगे कि वे सूची से बाहर किसी खाते में रकम ट्रांसफर न करें।
सभी विभागों और सरकारी संस्थाओं को अपने एप्लीकेशन, डाटाबेस और सर्वर सरकारी क्लाउड व्यवस्था पर स्थानांतरित करने की तैयारी तुरंत शुरू करनी होगी। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के अधिकृत क्लाउड प्लेटफॉर्म, जैसे मेघराज और सरकारी डाटा सेंटर का इस्तेमाल किया जा सकेगा। किसी निजी और बिना जांचे-परखे व्यावसायिक प्लेटफॉर्म पर सरकारी कामकाज या डाटा रखना प्रतिबंधित रहेगा।
सरकार ने उन खातों के लिए भी नियम सख्त किए हैं, जिनमें एक मुख्य खाते के नीचे कई छोटे खाते जुड़े होते हैं। ऐसे खातों से भुगतान, रकम ट्रांसफर करने या आवंटन में बदलाव के लिए मेकर-चेकर व्यवस्था लागू करनी होगी। यानी एक अधिकारी भुगतान की प्रक्रिया शुरू करेगा और दूसरे अधिकारी की मंजूरी के बाद ही भुगतान पूरा होगा। कोई एक अधिकारी या स्वचालित व्यवस्था अपने स्तर पर भुगतान शुरू करने और उसे अंतिम मंजूरी देने का अधिकार नहीं रखेगी। वित्त विभाग ने सभी संबंधित संस्थाओं को इन चारों नियमों को लागू करने की तैयारी की रिपोर्ट 15 कार्यदिवस के भीतर सक्षम अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

