home page

रेवाड़ी में विरोध प्रदर्शन करते पहुंचे राजस्थान से कांग्रेस विधायक,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

 | 
रेवाड़ी में विरोध प्रदर्शन करते पहुंचे राजस्थान से कांग्रेस विधायक,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग


रेवाड़ी, 23 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी के बावल थाना परिसर में गुरुवार को राजस्थान के मुंडावर से कांग्रेस विधायक ललित यादव पंचायत के साथ पहुंचे और नीतू मौत मामले में पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। पंचायत ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे धरने पर बैठने से पीछे नहीं हटेंगे। थाना प्रभारी फूल कुमार ने विधायक की मौजूदगी में मृतका के परिवार की सभी शिकायतों को शामिल करने का भरोसा दिया और रविवार तक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मृतका नीतू, जो राजस्थान के रेणागेर गांव की रहने वाली थी, 15 अप्रैल को अपनी ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। नीतू के भाई मनोज ने आरोप लगाया कि पांच लाख रुपये की दहेज मांग पूरी न होने पर पति राकेश, जेठ मुकेश और जेठानी पारिता ने उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने इस मामले में तीनों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

परिजनों का कहना है कि पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, जबकि उन्होंने शुरुआत से ही हत्या का आरोप लगाया है। नीतू की शादी आठ दिसंबर 2023 को किशनपुरा निवासी राकेश से हुई थी और उनकी डेढ़ साल की बेटी भी है। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई थी और बार-बार पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। घटना से एक दिन पहले नीतू ने अपने भाई को फोन कर अपनी परेशानियों की जानकारी दी थी। अगले ही दिन उसकी मौत की खबर मिली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला