यमुनानगर:पश्चिमी यमुना नहर में मिला लापता कारोबारी का शव
यमुनानगर, 30 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर में एक लापता कारोबारी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मधु कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय शुभम के रूप में हुई है। वह गुरुवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उसकी सफेद रंग की ऑडी कार बुडिया क्षेत्र में नहर किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार, शुभम की कार के अगले शीशे खुले हुए थे। कार की चाबी अंदर लगी थी और उसका मोबाइल फोन भी गाड़ी में ही पड़ा था। मोबाइल पर लगातार परिजनों के फोन आ रहे थे। बुडिया थाना पुलिस ने जब मोबाइल पर आई कॉल रिसीव की तो परिजनों को शुभम के लापता होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उन्हें कार की लोकेशन के बारे में सूचित किया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई गई कि शुभम नहर में कूद गया होगा।
नहर में डूबने की आशंका के चलते पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने बुडिया से अमादलपुर तक पश्चिमी यमुना नहर में करीब डेढ़ घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
इसी बीच सूचना मिली कि हमीदा हेड के पास नहर में एक युवक का शव दिखाई दिया है।
सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला। उसकी पहचान शुभम के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, वह घर से निकलने के बाद शाम तक उनसे बातचीत कर रहा था। इस दौरान उसने सिर में दर्द होने की बात भी कही थी, लेकिन बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

