यमुनानगर : समाज हितकारी संगठन ने शहादत दिवस पर जगाई राष्ट्रभक्ति की अलख
यमुनानगर, 23 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में समाज हितकारी संगठन की ओर से शहीद भगत सिंह पार्क में शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में देशभक्ति और बलिदान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले चार दशकों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और समय-समय पर कई प्रमुख व्यक्तित्व इसमें भाग लेते रहे हैं। समारोह में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष रोशन लाल शर्मा ने साेमवार काे कहा कि शहीदों को केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति, त्याग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि देश की आजादी शहीदों के बलिदान का परिणाम है और उनका ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी शहीदों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार शहीदों के सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है और समय-समय पर उनके स्मरण में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति का वातावरण बनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में शहीदों को औपचारिक मान्यता दिए जाने की मांग भी उठाई। समारोह में अनेक गणमान्य नागरिकों ने शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

