home page

यमुनानगर : गुरुद्वारा संतपुरा में नई सुविधाओं के निर्माण का शुभारंभ, संगत ने बढ़ाया सहयोग

 | 
यमुनानगर : गुरुद्वारा संतपुरा में नई सुविधाओं के निर्माण का शुभारंभ, संगत ने बढ़ाया सहयोग


यमुनानगर, 23 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में धार्मिक आस्था और सेवा भाव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गुरुद्वारा डेरा संतपुरा में संगत की सुविधा के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। यहां श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक नए भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है, जिसमें मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

महंत करमजीत सिंह ने साेमवार काे बताया कि यह निर्माण कार्य संगत के सहयोग से प्रारंभ किया गया है। लंबे समय से श्रद्धालुओं द्वारा बेहतर व्यवस्थाओं की मांग की जा रही थी, जिसे अब साकार रूप दिया जा रहा है। प्रस्तावित भवन में स्वच्छता और जल प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने सेवा की भावना के साथ इस कार्य में भागीदारी निभाई और इसे सामूहिक प्रयास का उदाहरण बताया। गुरुद्वारा परिसर में पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा और संगत में उत्साह स्पष्ट रूप से देखा गया।

यमुनानगर ट्रस्ट के सदस्य मनोरंजन सिंह साहनी ने संगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सहयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और धार्मिक कार्य निरंतर चलते रहेंगे। उन्होंने संगत से आग्रह किया कि वे समय-समय पर गुरुद्वारा में सेवा कार्यों में भाग लेते रहें, ताकि यह परंपरा मजबूत होती रहे। कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और एकजुटता की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी, जो इस पहल की सफलता का आधार बनी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार