मोनू मानेसर कड़ी सुरक्षा के बीच बुलेटप्रूफ जैकेट पहने पहुंचे गुरुग्राम
-राजस्थान हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा हुआ है मोनू मानेसर
-मोनू मानेसर की गौरक्षक के रूप में है पहचान
-भिवानी में राजस्थान के दो युवकों की हत्या में हुई थी गिरफ्तारी
गुरुग्राम, 08 मार्च (हि.स.)। गौरक्षक के रूप में पहचान रखने वाले मोनू मानेसर को जयपुर हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शनिवार की देर रात अपने गृह नगर गुरुग्राम लाया गया। पुलिस उसे कड़ी सुरक्षा और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर यहां लायी। करीब ढाई साल बाद मोनू मानेसर को जमानत मिली है। वह राजस्थान के भरतपुर की सेवर सेंट्रल जेल में बंद था। जस्टिस अनिल कुमार उपमन की अदालत ने जमानत याचिका स्वीकार की। मोनू मानेसर को जमानत मिलने पर परिवार में खुशी का माहौल है। रविवार को मोनू से मुलाकात करने के लिए उनके घर में गोभक्तों का तांता लगा रहा। माेनू का यहां समाजसेवियाें, धर्म प्रेमियाें ने सम्मान भी किया।
बता दें कि राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच ने पांच मार्च 2026 को नासिर-जुनैद हत्याकांड में आरोपी मोनू मानेसर की नियमित जमानत याचिका स्वीकार की थी। कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे शनिवार सात को जेल से बाहर आने की इजाजत मिली और पुलिस उसे सुरक्षा कारणों से बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर बाहर लायी। मोनू मानेसर को लाने के लिए काफी संख्या में उनके सहयोगी गुरुग्राम से भरतपुर जेल के बाहर पहुंचे थे। जेल से बाहर आते ही गौभक्तों ने मोनू मानेसर का गर्मजोशी से स्वागत भी किया।
मोनू मानेसर पर राजस्थान के दो युवकों की हत्या करके उनके शव हरियाणा के भिवानी में जलाने का आरोप लगा था। नासिर व जुनैद नामक युवक राजस्थान के डीग जिला के घाटमिका गांव के रहने वाले थे। आरोप है कि गोतस्करी के शक में दोनों युवकों का अपहरण करके मारपीट में उनकी हत्या की गई। बाद में एक बोलेरो में दोनों के शवों को जला दिया गया। इस मामले में ही मोनू मानेसर शक के दायरे में आए। घटनास्थल पर तो मोनू मानेसर मौजूद नहीं था, लेकिन उस पर हत्या करने वालों को उकसाने का आरोप लगा था। मोनू मानेसर के वकील कुलभूषण भारद्वाज के मुताबिक करीब ढाई साल बाद मोनू मानेसर को जमानत मिली है। हाईकोर्ट ने मोनू मानेसर की जमानत को लेकर मोनू मानेसर की लंबी न्यायिक हिरासत, ट्रायल में कर्मी और एक सह आरोपी को सुप्रीमकोर्ट से जमानत का हवाला दिया गया। वकील कुलभूषण भारद्वाज ने बताया कि मोनू मानेसर अपने घर पर पहुंच गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

