महेंद्रगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
राव दान सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च
नारनाैल, 27 मई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और नशे के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पूर्व विधायक राव दान सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने यादव धर्मशाला से एसडीएम कार्यालय तक मार्च निकालते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शन से पहले यादव धर्मशाला में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए राव दान सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है तथा आम जनता लगातार समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाईए बेरोजगारी और नशे जैसी गंभीर समस्याओं पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने यादव धर्मशाला से सीएसटी कैंटीन, बालाजी चौक, गांधी मार्केट, सब्जी मंडी रोड, भगवान परशुराम चौक और हट्टा बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।
राव दान सिंह ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार बढ़ोतरी होने से परिवहन, कृषि और दैनिक जरूरतों का खर्च काफी बढ़ गया है। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार रोजगार उपलब्ध कराने में असफल साबित हुई है।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रभाव पर भी चिंता जताई और कहा कि युवा पीढ़ी तेजी से इसकी चपेट में आ रही है। राव दान सिंह ने आरोप लगाया कि 2014 में अच्छे दिन का वादा करने वाली केंद्र सरकार लगभग 12 वर्षों में हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि रूस और ईरान से सस्ते तेल के विकल्प उपलब्ध होने के बावजूद सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

