फरीदाबाद अग्निकांड में मारे गए कैथल निवासी पीएसआई का राजकीय सम्मान के साथ संस्कार
कैथल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में हुए भीषण आगजनी और केमिकल ड्रम ब्लास्ट हादसे में झुलसे कैथल जिले के गांव क्योडक निवासी पीएसआई रवि की मौत के बाद रविवार को सरकारी सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पीएसआई रवि की अंतिम यात्रा में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ कैथल जिले के लोग शामिल हुए। फरीदाबाद के डीआईजी अभिषेक जोरवाल ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा पूर्व विधायक लीला राम सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।गौरतलब है कि बीते सोमवार को फरीदाबाद के मूजेसर थाना क्षेत्र में स्थित शिव स्टील और कालकाजी लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई थी। धमाकों और आग की चपेट में आकर 35 से अधिक लोग झुलस गए थे। घटना के दौरान पीएसआई रवि लोगों को बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को लेकर पूरे क्षेत्र में गर्व और शोक का माहौल है।पीएसआई रवि की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी और उनकी पत्नी सात महीने की गर्भवती है। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने सरकार से मांग की है कि पीएसआई रवि को शहीद का दर्जा दिया जाए और परिवार को उचित आर्थिक सहायता व नौकरी प्रदान की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

