पानीपत: होली के दिन युवक की सूए व ईंट से वार कर हत्या करने के चार आरोपी गिरफ्तार
पानीपत, 06 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने होली के दिन हरि नगर में युवक रोहित की सुए व ईंट से वार कर हत्या करने के चार आरोपियों को 36 के घंटे के अंदर काबू कर लिया है। आरोपियों की पहचान हरि नगर निवासी सागर, प्रमोद, सोनू व बिल्लू कॉलोनी निवासी अभिषेक के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने मिली सूचना पर दबिश देकर चार आरोपियों को बरसत रोड पर गंदा नाला पुलिया के पास से काबू किया। प्रारंभिक पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपने अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया उन्होंने होली के दिन बाइक चलाने को लेकर हुई कहासूनी की रंजिश रख उक्त वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक व एक एक्टिवा बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को न्यायायल में पेश कर दिया। अदालत ने तीन आरोपियों प्रमोद, अभिषेक व सोनू को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी सागर को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दाैरान वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास करेगी वहीं, हत्या में प्रयुक्त सुआ व अन्य वाहन बरामद करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

