पानीपत: स्मैक सहित नशा तस्कर गिरफ्तार
पानीपत, 25 जुलाई (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने चंदौली से बबैल रोड पर एक युवक को 14,9 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करनाल निवासी जुनैद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनकी एक टीम शुक्रवार शाम को गश्त के दौरान चंदौली गांव में बस अड्डे पर थी। टीम को तभी सूचना मिली की करनाल निवासी एक युवक मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए चंदौली से बबैल गांव जाने वाली सड़क पर बंद फैक्टरी के पास स्पलेंडर बाइक लेकर खड़ा है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। सामने खड़ा युवक पुलिस टीम को देखकर बाइक को छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान करनाल निवासी जुनैद के रूप में बताई। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसकी पहनी हुई जींस पेंट की जेब से पोलिथीन में पैक स्मैक (नशीला पदार्थ) बरामद हुई।
बरामद स्मैक का वजन करने पर 14.9 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह जल्दी अमीर बनने के चक्कर में पांच दिन पहले यूपी के सहारनपुर में एक युवक से 20 ग्राम स्मैक कम कीमत पर खरीद कर लाया था। उसने कुछ स्मैक राह चलते अज्ञात नशा करने वालो को बेच दी। शुक्रवार को वह गांव निवासी दोस्त जुबैर की बाइक मांगकर चंदौली गांव के पास बची स्मैक को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में आया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शनिवार को आरोपी जुनैद को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

