पानीपत: मुख्यमंत्री ने पानीपत के व्यापारियों के साथ किया विश्वासघात : अजय सिंगला
पानीपत, 03 मार्च (हि.स.)। पानीपत, आम आदमी पार्टी के करनाल लोकसभा अध्यक्ष अजय सिंगला ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को छलावा और अपराध को बढ़ावा देने वाला दस्तावेज करार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर आराेप लगाया कि सरकार ने बजट से पहले व्यापारियों के साथ जो 'संवाद' का नाटक किया था, उसकी असलियत अब सबके सामने आ गई है।
अजय सिंगला ने मंगलवार काे पानीपत के औद्योगिक संकट और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कड़ा रोष जताया और कहा कि आज हरियाणा का व्यापारी दहशत में है। पानीपत सहित पूरे प्रदेश में व्यापारियों से सरेआम फोन पर करोड़ों की फिरौतियां मांगी जा रही हैं। व्यापारी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर मौन है, एक तरफ जहां अपराध बढ़ रहा है, वहीं सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण के बजट को बढ़ाने के बजाय उल्टा घटा दिया है। हाई-टेक पुलिसिंग और सुरक्षा के दावों की पोल इस बजट ने क्षं है। बिना आधुनिक संसाधनों और पर्याप्त पुलिस बल के व्यापारियों की सुरक्षा कैसे संभव है। मुख्यमंत्री ने बजट से पहले पानीपत के उद्यमियों के साथ जो बैठकें की थीं, उनमें बिजली दरों में रियायत और औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के सुधार के जो बड़े-बड़े वादे किए गए थे, उनमें से एक भी वादा इस बजट में पूरा नहीं किया गया। पानीपत विश्व प्रसिद्ध 'हैंडलूम सिटी' आज प्रदूषण और जर्जर ड्रेनेज सिस्टम की मार झेल रहा है। उद्योगों से निकलने वाले गंदे पानी के उपचार के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया, जिससे स्थानीय इकाइयां बंद होने की कगार पर हैं। हरियाणा आज भी बेरोजगारी में शीर्ष पर बना हुआ है, लेकिन बजट में युवाओं को पक्की नौकरियां देने का कोई ठोस रोडमैप पेश नहीं किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

