पंचकूला में केजी की छात्रा से मारपीट की जांच के आदेश
-शिक्षा मंत्री ने किया कमेटी का गठन
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पंचकूला के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र द्वारा केजी में पढऩे वाली छात्रा को बेरहमी से पीटे जाने की घटना का संज्ञान लेते हुए हरियाणा सरकार ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। शनिवार को इस संबंध में शिक्षा विभाग ने उच्च स्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है।
पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल में यह दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल परिसर के अंदर तीसरी कक्षा में पढऩे वाले एक विद्यार्थी ने केजी कक्षा की एक मासूम बच्ची पर कथित तौर पर बेरहमी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी बच्चे ने पहले बच्ची पर पत्थरों से हमला किया और इसके बाद गमला उठाकर उसे चोटें पहुंचाईं। आरोपी बच्चा घायल बच्ची को काफी देर तक घसीटता रहा। बच्ची के बेहोश हो जाने के बाद भी उस पर पत्थरों से हमला किया जाता रहा।
स्कूल परिसर में हुई इस घटना के बाद बच्ची को आनन-फानन में सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे। पुलिस स्कूल प्रबंधन से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हमला करने वाले बच्चे के माता-पिता से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में इतनी छोटी उम्र के बच्चे ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया।
बच्ची के चाचा फाजिल ने बताया कि जब परिजन बच्ची को तलाशते हुए स्कूल पहुंचे तो तीसरी कक्षा का छात्र उन्हें बच्ची के पास लेकर गया। परिजनों के मुताबिक, आरोपी छात्र बच्ची को उसके पिता के बुलाने का बहाना बनाकर स्कूल की पहली मंजिल पर ले गया था, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह मामला बेहद गंभीर व संवेदनशील है। सरकार ने जांच के लिए गठित की कमेटी, लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जांच कमेटी को सभी तथ्यों के आधार पर जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। जांच कमेटी जल्द सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में स्वत संज्ञान लिया है। आयोग के अध्यक्ष ललित बत्रा और असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. पुनीत अरोड़ा ने शनिवार को स्कूल का दौरा किया। बच्ची के चाचा फाजिल ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। आयोग की टीम ने स्कूल का दौरा कर घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

