home page

गुरुग्राम: सेना की ड्रेस पहने व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

 | 

-शरीर के कटे अंग लापता, टी-शर्ट पर द्रढ़ता और वीरता लिखा हुआ

गुरुग्राम, 07 नवंबर (हि.स.)। गुरुग्राम-रेवाड़ी रेल ट्रैक पर पटौदी रोड और जटोला जोड़ी सांपका रेलवे स्टेशन के बीच एक व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को ट्रैक से हटाकर अपने कब्जे में लिया।

ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक का चेहरा पूरी तरह बिगड़ गया और उसकी खोपड़ी फट गई। इसके अलावा व्यक्ति का बायां हाथ कोहनी से और पैर घुटने से कटकर अलग हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास काफी दूर तक तलाशी ली, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी कटे हुए अंग मौके पर नहीं मिल पाए। जांच अधिकारी योगेश ने बताया कि मृतक की जेब से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, मृतक के पहनावे से वह अच्छे घर का लग रहा है। मृतक ने फौजियों जैसी हरे रंग की पूरे बाजू की टी-शर्ट पहनी हुई है, जिसकी बाजुओं पर सेना जैसा हरा और खाकी रंग का कमांडो प्रिंट है। अहम बात यह है कि इस टी-शर्ट के सीने पर सामने की तरफ अंग्रेजी में दृढ़ता और वीरता का लोगो छपा हुआ है। उसके शरीर पर दोनों तरफ सफेद पट्टियों वाला काले रंग का रेडीमेड लोअर मिला है। जांच अधिकारी योगेश ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष है। टी-शर्ट पर लिखे इस स्लोगन के चलते पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है कि कहीं मृतक का संबंध सेना या किसी सुरक्षा बल से तो नहीं था।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर