गुरुग्राम से पकड़े 13 बांग्लादेशी नागरिक किए डिपाेर्ट
दिल्ली से मालदा के रास्ते भेजे गए बांग्लादेश
23 पुलिसकर्मियों की एस्कॉर्ट टीम तैनात
गुरुग्राम, 16 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में पकड़े गए 13 बांग्लादेशी नागरिकों को गुरुवार को डिपोर्टेशन के लिए रवाना किया गया।
गुरुग्राम पुलिस ने भारत सरकार और सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुपालन में सभी 13 नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की। इसके लिए एक निरीक्षक के नेतृत्व में 23 पुलिसकर्मियों की एस्कॉर्ट टीम गठित की गई। टीम ने सभी विदेशी नागरिकों को सुरक्षा के साथ 16 जुलाई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से न्यू दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस द्वारा रवाना किया।
एस्कॉर्ट टीम इन्हें पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन तक सुरक्षित पहुंचाएगी। वहां से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ और संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
झुग्गियों, कॉलोनियों और होटलों में चली चेकिंग
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध घुसपैठियों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस द्वारा झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रह रहे लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। जिनके दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे या जो भारत में वैध रूप से रहने का प्रमाण नहीं दे पाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस अभियान से वैध भारतीय नागरिकों और वैध विदेशी नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

