home page

गुरुग्राम: सिक्योरिटी ऑफिसर ने पत्नी व बेटे की गोली मारकर की हत्या

 | 

मृतका आशा एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल थी

पत्नी और बेटे को गोली मारने के बाद शव के पास ही बैठा रहा आरोपी

गुरुग्राम, 07 जून (हि.स.)। अशोक विहार क्षेत्र में रविवार तड़के हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी अनिल के घर पहुंचे तो अनिल की पत्नी और बेटा खून से लथपथ पड़ हुए थे। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार अशोक विहार में रहने वाला अशोक सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। आधी रात के बाद अनिल ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी आशा और 25 वर्षीय बेटे प्रशांत पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों की मौत हो गई। मृतका आशा एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल थीं, जबकि बेटा प्रशांत परिवार के साथ ही रहता था।

शुरूआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहा था। शनिवार आधी रात के समय भी दोनों में झगड़ा हो रहा था तभी दूसरे कमरे में सो रहे प्रशांत की आंख खुल गई। प्रशांत ने झगड़ा को रोकने की कोशिश की तभी अनिल ने पिस्टल निकालकर दोनों को गोली मार दी। गोली मारने के बाद वह अपनी पत्नी और बेटे की लाश के पास ही बैठा गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मकान को सील कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची तो आरोपी अनिल लाशों के पास ही बैठा मिला। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर