home page

गुरुग्राम: विदेशी मुद्रा के नाम पर धोखाधड़ी में मदद करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 | 
गुरुग्राम: विदेशी मुद्रा के नाम पर धोखाधड़ी में मदद करने वाला आरोपी गिरफ्तार


-सिम व ओटीपी देकर की थी मदद

गुरुग्राम, 06 जून (हि.स.)। विदेशी मुद्रा के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह को सिम कार्ड और ओटीपी उपलब्ध कराकर मदद करने वाले एक आरोपी को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने वारदात में शामिल विपिन (35 वर्ष) को हिसार से गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार तीन फरवरी 2026 को सेक्टर-50 थाना पुलिस को एक विदेशी मुद्रा कारोबारी ने शिकायत दी कि दो फरवरी को व्हाट्सएप पर कॉल कर एक व्यक्ति ने विदेशी मुद्रा खरीदने की बात कहकर उसे यूनिटेक बिजनेस जोन सेक्टर-50 बुलाया। शिकायतकर्ता 20,000 यूएस डॉलर और 3,000 यूके पाउंड लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां एक व्यक्ति ने खुद को अभिषेक बताकर विदेशी मुद्रा ले ली और भुगतान लाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। बाद में आरोपी का फोन भी बंद मिला। ना विदेशी मुद्रा वापस मिली और न ही उसका भुगतान हुआ। मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने वारदात में शामिल विपिन (35 वर्ष) निवासी सेक्टर-4 हिसार को पांच जून को हिसार से गिरफ्तार किया। आरोपी बीटेक पास है। पूछताछ में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल मोबाइल नंबर/सिम कार्ड अन्य आरोपी राकेश के नाम पर था। राकेश ने यह सिम कार्ड विपिन को 1,000 रुपये में दिया था। विपिन ने बताया कि उसने सिम अपने फोन में चलाकर उस पर आए ओटीपी को एक अन्य व्यक्ति को दे दिया, जिसके जरिए व्हाट्सएप लॉगिन कर शिकायतकर्ता से धोखाधड़ी की गई। इसके बदले उसे 50,000 रुपये मिले थे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी राकेश कुमार को पहले ही 13 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी विपिन को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, ठगी की रकम और पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर