home page

गुरुग्राम में केले के गोदाम पर 30-40 लोगों का हमला, तीन घायल

 | 
गुरुग्राम में केले के गोदाम पर 30-40 लोगों का हमला, तीन घायल


गुरुग्राम, 30 अगस्त (हि.स.)। जिला के गांव कालियावास के पास शनिवार की रात केले के एक गोदाम पर 30-40 लोगों ने हमला कर दिया। हमले में गोदाम मालिक और दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार, 24 वर्षीय अनीश और 22 वर्षीय आमिर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गोदाम पर मामूली कहासुनी से विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते बेकाबू हो गया। एक पक्ष के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और गोदाम को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हमलावर गोदाम में घुसकर मारपीट करते दिख रहे हैं।

पीड़ितों का आरोप है कि हमले के दौरान उन्होंने डायल 112 पर 15 से 20 बार कॉल की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

हमलावरों के जाने के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ितों ने हमले के दौरान सोने की चेन गायब होने की बात भी कही है।

ग्रामीणों को शक है कि हमलावर नजदीकी गांव इकबालपुर के हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी और बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर