गुरुग्राम में 28 किलोमीटर के मेट्रो कॉरिडोर पर काम शुरू
चंडीगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। साइबर सिटी गुरुग्राम में मेट्रो के विस्तार को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और इसका कार्य शुरू हो चुका है। जून 2026 तक यह कार्य तीन प्रतिशत हुआ है। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया द्वारा मंगलवार को राज्यसभा में इस संबंध में उठाए गए सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने गुरुग्राम मेट्रो के संबंध में अपनी रिपोर्ट पेश की है।
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने राज्यसभा में लिखित उत्तर में बताया कि देश के 26 शहरों में लगभग 1,159 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क (आरआरटीएस सहित) संचालित है। इसके अतिरिक्त विभिन्न राज्यों में कई नई मेट्रो परियोजनाएं स्वीकृत एवं निर्माणाधीन हैं। सरकार ने जून 2026 तक सभी स्वीकृत परियोजनाओं की भौतिक प्रगति का विवरण भी सदन के पटल पर रखा।
राज्यसभा में संजय भाटिया द्वारा हरियाणा से संबंधित पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से साइबर सिटी तथा द्वारका एक्सप्रेसवे तक 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजना को मंजूरी प्रदान की जा चुकी है। परियोजना पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और जून 2026 तक लगभग 3.3 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है।
केंद्र सरकार के अनुसार इस मेट्रो परियोजना के पूर्ण होने से गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक जाम और वायु प्रदूषण में कमी आएगी तथा यात्रियों को अधिक सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में भी कमी लाने में मदद मिलेगी।
सदन में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार केंद्र सरकार ने मेट्रो परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता में भी निरंतर वृद्धि की है। वर्ष 2023-24 में मेट्रो परियोजनाओं के लिए 23,102.20 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए थे, जबकि 2026-27 के बजट अनुमान में यह राशि बढ़ाकर 30,942.05 करोड़ रुपये कर दी गई है। केंद्र सरकार के आधिकारिक उत्तर से यह स्पष्ट हुआ है कि गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना स्वीकृत है और निर्माण के चरण में प्रवेश कर चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

