गुरुग्राम: महिला आयोग से काॅमेडियन प्रणीत माेरे काे नहीं मिली माफी
तीनों आरोपियों को अगली सुनवाई में पेश होने के निर्देश
गुरुग्राम, 23 जून (हि.स.)। गुरुग्राम में स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान महिलाओं पर की गई 370 की बिरयानी टिप्पणी के मामले में अभी आरोपियों को कोई राहत नहीं मिली है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा की माफी मंजूर नहीं की।
बता दें कि सोमवार देर शाम गुरुग्राम के एसीपी विष्णु प्रसाद दोनों आरोपियों को लेकर दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक सामग्री को कॉमेडी के नाम पर बढ़ावा देना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है। उन्होंने तीनों आरोपियों प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और मधुर विरली को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए।
एसीपी विष्णु प्रसाद ने बताया कि पुलिस को 22 जून को आयोग से आरोपियों को पेश करने के निर्देश मिले थे। हमने ईमेल के माध्यम से उन्हें समय पर सूचना दी थी। सभी को आयोग के समक्ष पेश कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में डीएलएफ फेज-2 थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

