home page

गुरुग्राम: बैंक नीलामी वाली संपत्ति सस्ती दिलाने के नाम पर सवा चार करोड़ की ठगी

 | 

फर्जी प्रॉपर्टी कंसल्टेंट गिरफ्तार

गुरुग्राम, 12 मई (हि.स.)। बैंक की नीलाम संपत्ति कम कीमत में दिलाने का झांसा देकर 4.27 करोड़ रुपए की ठगी कर ली गई। ठगी के आरोपी को गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-2 ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को प्रॉपर्टी कंसल्टेंट बताकर फर्जी बैंक खाते, नकली ईमेल और फर्जी सेल सर्टिफिकेट के जरिए वारदात को अंजाम दिया था।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-14 थाना पुलिस में एक व्यक्ति ने नौ अक्टूबर 2024 को दी शिकायत में कहा था कि बलराम कुमार झा ने खुद को प्रॉपर्टी कंसल्टेंट बताकर केनरा बैंक की नीलाम संपत्ति सस्ते में दिलाने का झांसा दिया। बैंक ऑक्शन में भाग लेने के नाम पर आरोपी ने फर्जी बैंक खातों में कुल चार करोड़ 27 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद फर्जी ईमेल और नकली सेल सर्टिफिकेट भेजकर संपत्ति खरीद होने का झूठा भरोसा दिलाया। बैंक में जांच करने पर पता चला कि सभी दस्तावेज और खाते फर्जी थे। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा-2 कर रही थी। पुलिस टीम ने आरोपी को ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान 32 वर्षीय बलराम कुमार झा, निवासी गांव भवानीपुर जिला दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। आरोपी बीबीए पास है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने फर्जी बैंक खाते, नकली ईमेल आईडी और फर्जी सेल सर्टिफिकेट तैयार कर शिकायतकर्ता को भरोसे में लिया। बैंक ऑक्शन के नाम पर 4.27 करोड़ रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस आरोपी बलराम को आगामी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश करेगी। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों, वित्तीय लेन-देन और फर्जी दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर