गुरुग्राम: बूथ प्रबंधन से लेकर एआई के गुर सिखाएंगे भाजपा के वक्ता
प्रशिक्षण देने जाने वाले वक्ताओं की कार्यशाला, सात विषयों पर हुई चर्चा
गुरुग्राम, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत भाजपा की प्रदेश स्तरीय वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला मंगलवार देर शाम गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में हुई। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रशिक्षण महाभियान कार्यशाला के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र कुमार, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने आगामी दिनों में होने वाले मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की।
सभी नेताओं ने कार्यशाला में प्रशिक्षण की आवश्यकता और उसकी महत्ता पर चर्चा की। कार्यशाला में रोहतक, झज्जर, हांसी, हिसार, भिवानी, दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, गुरुग्राम महानगर, नूंह, पलवल, फरीदाबाद महानगर और फरीदाबाद से आए पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। कार्यशाला में वक्ताओं ने वैचारिक अधिष्ठान, इतिहास एवं विकास, बूथ प्रबंधन, कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि, सोशल मीडिया, एआई, सरल और नमो एप के बारे में जानकारी दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कार्यकर्ताओं को वैचारिक तौर पर मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद का दर्शन भाजपा की कार्य संस्कृति की आधारशिला है।
बड़ौली ने कहा कि पार्टी द्वारा समय-समय पर आयोजित प्रशिक्षण शिविरों के परिणाम स्वरूप कार्यकर्ता सशक्त, प्रशिक्षित और समर्पित बने हैं। कार्यकर्ता प्रशिक्षण के माध्यम से ही नेता बनते हैं। समय-समय पर प्रशिक्षण लेने से कार्यकर्ता अपडेट रहता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण संगठन की रीढ़ है और यह कार्यकर्ता को तराशने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर के प्रशिक्षण शिविर 7 मार्च से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल तक चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने भाजपा का इतिहास और विकास विषय पर बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, विचारधारा और राष्ट्रवाद के मूल भाव से आगे बढ़ती है ना कि केवल सत्ता पाने के उद्देश्य से। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना और भारतीय जनता पार्टी के गठन के बारे में भी जानकारी दी।
संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक सक्रिय और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। प्रशिक्षण महाभियान कार्यशाला के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को सिखाएगा कि कैसे चुनौतियों को अवसर में बदला जाता है और कैसे जनसेवा के क्षेत्र में संवेदनशीलता और समर्पण की वृद्धि करनी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

