गुरुग्राम: बनी हुई सडक़ को फिर से बना रहे, गड्ढों वाली सडक़ों की सुध नहीं: पंकज डावर
-राजीव चौक पर बनी हुई सडक़ को फिर से बनाया जा रहा
-प्रशासन की यह कार्यप्रणाली जनता को समझ नहीं आ रही
-शहर के भीतर सडक़ों की हालत खराब, या तो भ्रष्टाचार या फिर लापरवाही
गुरुग्राम, 05 मई (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने मंगलवार को शहर में टूटी सडक़ोंं की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि इन सडक़ों को बनाया नहीं जा रहा। जो सडक़ें पहले से अच्छी बनी हुई हैं उन्हें बनाया जा रहा है। यह कार्यप्रणाली दर्शाती है कि शहर के विकास के लिए काम करने वाले जनप्रतिनिधि और अधिकारी अपने जिम्मेदारी का ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे।
पंकज डावर ने कहा कि एनएच-48 पर राजीव चौक फ्लाईओवर के साथ-साथ शहर में आने वाली सडक़ में कहीं कोई गड्ढा नहीं था। कहीं से भी सडक़ टूटी नहीं थी। कहीं कोई खुदाई नहीं की गई थी, जिससे इस सडक़ को बनाया जाना जरूरी हो। इसके बाद भी रात को इस सडक़ को फिर से बना दिया गया। पंकज डावर ने प्रशासन और भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि गुरुग्राम में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। शहर की अधिकांश सडक़ें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, उन्हें बनाने के लिए सोचा तक नहीं जा रहा। जो सडक़ें पहले से ठीक हैं, उन्हीं पर दोबारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह प्रशासन की कार्यप्रणाली को पूरी तरह संदेह के घेरे में खड़ा करता है। पंकज डावर ने कहा कि राजीव चौक फ्लाईओवर के साथ-साथ शहर की तरफ आने के दौरान जो सडक़ पहले से ठीक स्थिति में है, उसे दोबारा बनाने का कार्य किया जा रहा है। शहर के भीतर की कई सडक़ें लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी हैं।
पंकज डावर ने शहर की कई प्रमुख सडक़ों का उदाहरण देते हुए कहा कि सिद्धेश्वर चौक से शिव मूर्ति चौक तक की सडक़, न्यू कॉलोनी मोड़ से मदनपुरी होते हुए कादीरपुर तक की सडक़, सेक्टर-10 चौक की सडक़ तथा पटौदी चौक से बसई तक की सडक़ की हालत बेहद खराब है। इन सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

