home page

गुरुग्रााम: ढाई हजार स्ट्रीट लाइट्स से जगमग होंगी शहर की सडक़ें व फुटपाथ

 | 

-पहले चरण में 19 सडक़ों के फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज पर लगेंगी लाइटें

-मेदांता मेडिसिटी रोड के फुटपाथ पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा

गुरुग्राम, 26 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में सडक़ सुरक्षा, बेहतर रोशनी और नागरिकों की सुरक्षा व आवागमन को बेहतर करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम कार्य कर रहा है। इसके तहत पहले चरण में ढाई हजार स्ट्रीट लाइट्स शहर की सडक़ों व फुटपाथ पर लगाई जाएंगीं। 19 सडक़ों के फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज पर 2480 स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इनमें 10 सडक़ों के फुटपाथों पर 2050 तथा नौ सडक़ों के सेंट्रल वर्ज पर 430 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। मेदांता रोड के फुटपाथ पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है।

योजना के तहत फुटपाथों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए चिह्नित 10 सडक़ों में हुडा सिटी सेंटर से सिग्नेचर चौक, हुडा सिटी सेंटर से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, हुडा सिटी सेंटर से बख्तावर सिंह चौक, बख्तावर सिंह चौक से मेदांता ट्रैफिक लाइट, हीरो होंडा चौक से बख्तावर चौक, बख्तावर चौक से मेफील्ड गार्डन रोड, मेफील्ड गार्डन से एसपीआर रोड, सोहना रोड पर पार्क अस्पताल से मेफील्ड गार्डन, पार्क अस्पताल चौक से एसपीआर रोड तथा धर्म मार्ग शामिल हैं।

वहीं, नौ सडक़ों के सेंट्रल वर्ज पर भी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इनमें सेक्टर डिवाइडिंग रोड 45-46, 45-53, 51-52-57, 53-56, 44-52, 51-52, 45-48, गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड और सेक्टर डिवाइडिंग रोड 51-46 शामिल हैं।

सडक़ों और फुटपाथों पर पर्याप्त रोशनी होने से रात के समय पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिलेगी। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और अंधेरे वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। सेंट्रल वर्ज पर स्ट्रीट लाइटें लगने से सडक़ के बीच वाले हिस्से में भी रोशनी सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। यह योजना पहले चरण में लागू की जा रही है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र की कोई सडक़ इस सूची में शामिल होने से छूट गई है, तो उसकी जानकारी निगम को दें। प्राप्त सुझावों पर विचार करते हुए छूटी हुई सडक़ों को दूसरे चरण की योजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर