home page

गुरुग्राम: तीन शादियां कर कारोबारियों को फंसाने वाली महिला गिरफ्तार

 | 

पुलिस ने अदालत में पेश कर महिला को जेल भेज दिया

महिला पर पिछली शादियां छिपाकर धोखाधड़ी और 18 लाख रुपये ऐंठने का आरोप

गुरुग्राम, 28 जुलाई (हि.स.)। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने कारोबारियों को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर शादी करने और फिर रुपये ऐंठने के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला की पहचान वर्षा के रूप में हुई है। सेक्टर-56 थाना प्रभारी रामवीर ने मंगलवार को बताया कि पीड़ित कारोबारी संदीप की शिकायत पर वर्षा और उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप् से भिवानी के रहने वाला है। वर्ष 2023 की शुरुआत में उनकी कंपनी में रिसेप्शनिस्ट की भर्ती के दौरान सोनीपत निवासी वर्षा को नौकरी पर रखा गया था। कुछ समय बाद दोनों ने 27 जून 2023 को शादी कर ली।

संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी महिला वर्षा अब तक तीन शादियां कर चुकी है और उसने किसी भी पति से तलाक नहीं लिया। साथ ही पहले दो पतियों पर दहेज प्रताड़ना, रेप और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज करा चुकी है।

संदीप ने बताया कि शादी के बाद वर्षा ने उसे परिवार से अलग रहने के लिए मजबूर किया और पैतृक संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगी। जब उसे महिला की पिछली शादियों की जानकारी मिली तो उसने झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर 18 लाख रुपये की मांग की जो उसने महिला के खाते में ट्रांसफर कर दी।

संदीप के अनुसार वर्ष 2025 में अलमारी की जांच के दौरान उसे कोर्ट केस से जुड़े दस्तावेज मिले, जिनसे वर्षा की पिछली शादियों और मुकदमों की जानकारी सामने आई। यह महिला पहले एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर