गुरुग्राम: ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार कंपनी वेंडर की मौत
गुरुग्राम, 04 अप्रैल (हि.स.)। बिलासपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार कंपनी वेंडर की दर्दनाक मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद शनिवार काे परिजनों को सौंप दिया गया और फरार ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कन्नौज निवासी सलमान हुसैन बिलासपुर एरिया स्थित सेडो फैक्स कंपनी में वेंडर का काम करता था। वह गांव पथरेड़ी में किराए पर रहता था। सलमान का चचेरा भाई सहनबाज काम को लेकर उसके पास आया था। दोनों स्कूटी से कंपनी की तरफ जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे सलमान ने कंपनी से थोड़ा पहले सहनवाज को स्कूटी से उतार दिया था। सलमान कुछ ही आगे गया था, इसी बीच बिलासपुर चौक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इस हादसे को अंजाम देकर चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। लोगों की मदद से सलमान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और फरार ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

