home page

गुरुग्राम: गमछे से गला घोंटकर की थी युवक की हत्या,आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

 | 
गुरुग्राम: गमछे से गला घोंटकर की थी युवक की हत्या,आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार


-अमन हत्याकांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम , 28 मई (हि.स.)। गुरुग्राम पुलिस ने 30 वर्षीय युवक अमन हत्याकांड में दूसरे आरोपी को दिल्ली के नांगलोई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौम्य जैन, 18.5 वर्ष, निवासी गढ़ी हरसरू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 16 मई की रात अमन की रंजिश के चलते गमछा से गला घोंटकर हत्या की गई थी। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया और शव को सेक्टर-71 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल बिल्डिंग व यूनिटेक बिल्डिंग के बीच रास्ते के पास लोहे के खाली बिजली पोल के अंदर छिपा दिया।

17 मई को बादशाहपुर थाना पुलिस को बिजली पोल के होल में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर फिंगरप्रिंट टीम, क्राइम टीम और डॉग स्क्वायड के साथ जांच कर शव को कब्जे में लिया गया। बाद में मृतक की पहचान अमन, निवासी गढ़ी हरसरू के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अमन 16 मई को दोस्तों के साथ घर से निकला था। बाद में दोस्तों ने फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की है। अगले दिन पुलिस ने हत्या की पुष्टि की। पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ गला घोंटकर और सिर पर पत्थर से वार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक अमन का आरोपी सौम्य जैन और उसके साथियों से पहले झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में सौम्य ने अपने साथी रवि बघेल और अन्य के साथ मिलकर अमन को पीटा और गमछा से गला दबाकर मार डाला। पुलिस ने पहले आरोपी रवि बघेल, निवासी गढ़ी हरसरू को 21 मई को गिरफ्तार किया था। अब सौम्य जैन को नांगलोई से पकडक़र गुरुग्राम लाया गया है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि पूरे घटनाक्रम और अन्य साथियों की भूमिका का खुलासा हो सके। पुलिस कमिश्नरेट पीआरओ टीम के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि मामले में अब तक दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं और जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर