home page

गुरुग्राम के क्लब में बाउंसरों ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पीटा

 | 

गुरुग्राम, 20 नवंबर (हि.स.)। ब्रिस्टल होटल स्थित वाका-वाका नाइट क्लब में पार्टी करने पहुंचे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और उनके दोस्तों के साथ कथित तौर पर बाउंसरों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायलों को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और टांके लगाने के बाद उन्हें पालम विहार स्थित पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है।

जानकारी के अनुसार हिमांशु, राहुल, अंशुल और उनके तीन अन्य साथी गुरुवार की रात करीब 11:30 बजे ब्रिस्टल चौक स्थित वाका-वाका क्लब पहुंचे थे। पार्टी के दौरान कुछ प्रशंसकों ने हिमांशु और राहुल को पहचान लिया और उनके साथ फोटो खिंचवाने लगे। इसी दौरान राहुल के हाथ से शीशे का गिलास गिरकर टूट गया। इसे लेकर क्लब स्टाफ और बाउंसरों के साथ कहासुनी हो गई। रात करीब दो से तीन बजे के बीच विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई। बाउंसरों ने राहुल, हिमांशु और उनके दोस्त अंशुल की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में तीनों घायल हो गए, जबकि हिमांशु और राहुल को गंभीर चोटें आई हैं। गुरुग्राम निवासी हिमांशु और राहुल फैमिली व्लॉग, कॉमेडी और प्रैंक वीडियो बनाते हैं। राहुल के यूट्यूब पर 9.18 लाख सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 7.70 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं हिमांशु के यूट्यूब पर 20.80 लाख सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 3.93 लाख फॉलोअर्स हैं। डीएलएफ फेज-1 थाना प्रभारी मनोज के अनुसार क्लब में झगड़े और मारपीट की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। घायलों के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम अस्पताल भेजी गई है। क्लब के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। बयान और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर