गुरुग्राम: इस वर्ष 482 करोड़ कमाई व 678 करोड़ खर्च करेगा मानेसर नगर निगम
मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई सदन की विशेष बैठक
सदन की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से पास हुआ 678 करोड़ रुपये का बजट
वित्त वर्ष 2026-2027 में निगम क्षेत्र में निगम खर्च करेगा 678 करोड़ रुपयेगुरुग्राम, 16 मार्च (हि.स.)। नगर निगम मानेसर के सदन की विशेष बैठक आईएमटी सेक्टर-8 स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने की। बैठक में वित्त वर्ष 2026-2027 के बजट पर विस्तृत चर्चा की गई। सदन ने सर्वसम्मति से बजट को मंजूर किया।निगम सचिव एवं उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी ने सोमवार को बजट को सदन के पटल पर रखते हुए बताया कि वित्त वर्ष में नगर निगम मानेसर द्वारा 678 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसी प्रकार करीब 482 करोड़ रुपये की वार्षिक आय की जाएगी। चीफ अकाउंट्स ऑफिसर संजय कुमार ने सदन को बताया कि निगम वित्त वर्ष में स्टॉप ड्यूटी व सेस से अनुमानित 200 करोड़ रुपये अर्जित करेगा। इसके अलावा सेल, ऑक्शन से 50 करोड़, रेंट,लीज से करीब ढाई करोड़ रुपये, सरकारी ग्रांट से 86 करोड़ रुपये व फीस के तौर पर करीब 16 करोड़ रुपये और प्रॉपर्टी टैक्स के रुप में 75 करोड़ 50 लाख रुपये की आय करेगा। स्टाफ की सेलरी व अन्य पर करीब 35 करोड़ रुपये, 17 करोड़ रुपये से प्रशासनिक खर्च, सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट पर करीब 86 करोड़ रुपये, ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस पर करीब 47 करोड़ रुपये, निगम क्षेत्र में विकास कार्यों पर करीब 480 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया है। वार्षिक बजट को सदन ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। बजट प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। बजट पर पूरे सदन की सहमित मिलने पर मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने सदन का धन्यवाद किया। इस दौरान पार्षदों से सुझाव भी लिए गए।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने सदन में मौजूद सभी सदस्यों से बजट को लेकर सुझाव मांगे। इस पर पार्षदों ने अपने सुझाव दिए। सुझावों को सुनते हुए आयुक्त ने कहा कि सभी वॉर्डों में पारदर्शी तरीके से विकास के काम होंगे। आयुक्त ने सदन को बताया कि निगम क्षेत्र में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट स्थापित करने की योजना है। इस प्लांट के लगने के बाद निगम क्षेत्र में कूड़े से संबंधित समस्या से निजात मिलेगी। इसी के साथ इस प्लांट से बिजली पैदा की जाएगी। सदन ने सफाई कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने के लिए आयुक्त से आग्रह किया। इस पर आयुक्त ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से इस विषय पर आग्रह करेंगे। इसके अलावा आयुक्त ने सदन को बताया कि नगर निगम कार्यालय के लिए एचएसआईआईडीसी ने निगम को जमीन देने के लिए हामी भर दी है। जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएगी। बजट में निगम कार्यालय के निर्मण के लिए भी 90 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

