गुरुग्राम अस्पताल में इलाज करवाने आई महिला पर फेंका ज्वलनशील पदार्थ, आरोपी काबू
आरोपी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी महिला
गुरुग्राम, 09 मार्च (हि.स.)। लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला पर रविवार देर रात उसी के साथी ने ज्वलनशील पदार्थ फेंककर घायल कर दिया। महिला को सेक्टर 10 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एक महिला इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर 10 में पहुंची थी। इस दौरान एक युवक ने अस्पताल के आपातकालीन विभाग में घुसकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर हमला कर दिया। यह सूचना पाकर थाना सेक्टर-10ए पुलिस अस्पताल पहुंची।
डॉक्टर द्वारा महिला को बयान देने के लिए फिट घोषित करने के बाद महिला का बयान दर्ज किया गया।
घायल महिला ने अपने बयान में बताया कि वह करीब चार वर्ष पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आई थी। यहां पवन नामक व्यक्ति के साथ सेक्टर-72 गुरुग्राम में एक फ्लैट में रह रही थी। रविवार आठ मार्च 2026 को पवन ने उसके साथ मारपीट की। जब वह सिविल अस्पताल सेक्टर-10 में इलाज करवाने पहुंची, इस दौरान पवन ने उस पर एसिड फेंक दिया। जिससे उसके कपड़े जल गए। इस शिकायत के आधार पर एसिड अटैक के संबंध में थाना सेक्टर-10ए गुरुग्राम में एक केस तथा मार पीट करने से संबंधित एक केस बादशाहपुर थाना में दर्ज किया गया। पीड़ित महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-10 गुरुग्राम की टीम ने इस मामले में आरोपी को गुरुग्राम से काबू किया है। आरोपी की पहचान जैनाबाद जिला रेवाड़ी निवासी पवन के रूप में हुई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से एसिड की घटना के बारे में भी विस्तार से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने इस केस में एक अन्य व्यक्ति और एक महिला को भी हिरासत में लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

