home page

गुरुग्राम: अवैध हथियार सप्लाई करने वाला नौ मामलों का आरोपी गिरफ्तार

 | 

गुरुग्राम, 03 जून (हि.स.)। अपराध शाखा सेक्टर-31 गुरुग्राम की पुलिस ने अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान रिंकू उर्फ भोलू, निवासी अंबेडकर कॉलोनी, गुरुग्राम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने देवीलाल स्टेडियम के पास कार्रवाई करते हुए अंकुर उर्फ नोना, निवासी फिरोजगांधी कॉलोनी को अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अंकुर ने खुलासा किया था कि यह हथियार उसने एक अन्य व्यक्ति से 18 हजार रुपये में लिया था। इस खुलासे के आधार पर अपराध शाखा ने मामले की जांच तेज की। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अब सेक्टर-31 क्षेत्र से रिंकू उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में रिंकू ने स्वीकार किया कि अंकुर के कब्जे से बरामद अवैध हथियार उसने ही उपलब्ध कराया था।

जांच में पता चला कि रिंकू आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ गुरुग्राम में मारपीट, जान से मारने की धमकी, एक्साइज एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत पहले से नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिंकू ने हथियार कहां से लाया और अन्य किन लोगों को सप्लाई किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अंकुर के खिलाफ पहले ही शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना सदर गुरुग्राम में केस दर्ज किया जा चुका है। रिंकू की गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर