home page

कॉलेज-यूनिवर्सिटी को 1.11 लाख पौधे लगाने का मिशन

 | 

वन विभाग मुहैया करवाएगा पौधे, 30 जुलाई को चलेगा पौधारोपण अभियान

चंडीगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को हरित महाअभियान बनाने की कार्ययोजना तैयार की है। 30 जुलाई को प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में एक साथ एक लाख 11 हजार पौधे लगाने का मिशन तैयार किया है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी जिला वन अधिकारियों (डीएफओ) को निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित संस्थानों को निर्धारित संख्या में पौधे उपलब्ध कराएं, ताकि 30 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक साथ पौधारोपण अभियान चलाया जा सके।

उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में 40,300 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 52 विश्वविद्यालयों को मिलाकर 36,200, एडेड कॉलेजों को 19,200 तथा निजी कॉलेजों को 15,300 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। चारों श्रेणियों को मिलाकर राज्य के उच्च शिक्षण परिसरों में कुल 1.11 लाख पौधों का हरित अभियान चलाया जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संस्थानों की क्षमता और परिसर के आकार के अनुसार लक्ष्य तय किया है। बड़े विश्वविद्यालयों को 1,000 से 2,000 तक पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अधिकांश सरकारी कॉलेजों को 150 से 550 पौधों तक का लक्ष्य दिया गया है। सूची में प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, सरकारी, एडेड और निजी कॉलेजों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी जिला वन अधिकारियों से कहा है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधे उपलब्ध कराएं। विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, एनएसएस समन्वयकों और एनसीसी इकाइयों को भी वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समय रहते पौधे प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।

उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा ने स्पष्ट किया है कि इस बार केवल पौधे लगाने तक अभियान को सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक संस्थान को पौधारोपण के बाद दो से तीन जियो-टैग फोटो, अनुपालन रिपोर्ट और अभियान का विवरण निर्धारित ई-मेल पर भेजना होगा। साथ ही रिपोर्ट और तस्वीरें ‘मेरी लाइफ' वेब पोर्टल पर भी अपलोड करनी होंगी। संस्थानों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल हो और उनकी जीवित रहने की दर बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा