home page

कॉमनवेल्थ खेलों की बॉक्सिंग में हरियाणा का दबदबा, सात मुक्केबाज फाइनल में

 | 

-मुख्यमंत्री बोले, हरियाणा ने हमेशा ही देश का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया है ऊंचा

चंडीगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। कॉमनवेल्थ खेलों की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हरियाणा के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दबदबा कायम रखा है। भारत के 10 फाइनलिस्ट मुक्केबाजों में से सात हरियाणा के हैं। सभी अब स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरेंगे। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया है।

पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच 60 किलोग्राम भार वर्ग, अंकुश पंघाल 80 किलोग्राम भार वर्ग, नरेंद्र बेरवाल 90 से ज्यादा किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरेंगे। वहीं, महिला वर्ग में साक्षी चौधरी 51 किलोग्राम भार वर्ग, प्रीति पंवार 54 किलोग्राम भार वर्ग, जैस्मिन लांबोरिया 57 किलोग्राम भार वर्ग, और प्रिया घनघस 60 किलोग्राम भार वर्ग में फाइनल मुकाबलों में भारत की चुनौती पेश करेंगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है और उन्हें विश्वास है कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत की पदक तालिका को और मजबूत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि फाइनल मुकाबलों में भी हरियाणा के मुक्केबाज स्वर्णिम सफलता हासिल कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री ने रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को दी बधाई

ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ ग्रेम्स में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में हरियाणा के लाल नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर मुख्यमंत्री ने बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीरज ने एक बार फिर अपने शानदार खेल से पूरे विश्व में हरियाणा का नाम रोशन किया है और भारत का गौरव बढ़ाया है। आपका अद्भुत जज़्बा, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा है। वहीं, पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा में यश वीर सिंह ने कांस्य पदक पर सीएम ने बधाई दी। इसके साथ ही, जूडो में यामिनी मौर्य द्वारा रजत पदक जीतने पर भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बधाई दी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा