कैथल:निजी स्कूल के चेंजिंग रूम में छात्राओं का वीडियो बनाने का आरोपी काबू
कैथल, 25 जुलाई (हि.स.)। शहर के एक बड़े निजी स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के स्वीमिंग पूल के चेंजिंग रूम के बाहर एक कर्मचारी पर छात्राओं का वीडियो बनाने का आरोप है। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। छात्राओं की सूचना पर स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की कुछ छात्राएं स्वीमिंग ट्रेनिंग के बाद कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम में गई थी। इसी दौरान उनकी नजर स्कूल के एक कर्मचारी पर पड़ी, जो कथित तौर पर मोबाइल फोन से वीडियो बना रहा था। छात्राओं ने तुरंत इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही परिजन भी स्कूल पहुंच गए और पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक परिजनों और स्कूल स्टाफ की मदद से आरोपी कर्मचारी को काबू कर लिया गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कलायत निवासी गौरव के रूप में हुई है, जो संबंधित निजी स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
घटना के बाद छात्राओं के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है और इससे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कूल में एक कर्मचारी को छात्राओं का वीडियो बनाते हुए पकड़ लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मोबाइल फोन सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

