कैथल: ‘ऑपरेशन स्माइल’ की सफलता: गुमशुदा महिला व दो बच्चों को सकुशल परिजनों से मिलवाया
कैथल, 04 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा पुलिस के ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान के तहत जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पूंडरी क्षेत्र से गुमशुदा हुई एक महिला और उसके दो बच्चों को पुलिस टीम ने सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि थाना पूंडरी क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी गत 27 मार्च को कुरुक्षेत्र जाने की बात कहकर घर से निकली थी और दो दिन में लौटने की बात कही थी। महिला अपने साथ कपड़ों का बैग और दोनों बच्चों को भी ले गई थी, लेकिन तय समय के बाद भी वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और मामला थाना पूंडरी में दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘ऑपरेशन स्माइल’ टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम में पीएसआई सुमित, एसआई ईश्वर सिंह, एसआई राजेंद्र कुमार, लेडी एचसी सरोज, सिपाही मंदीप और महिला सिपाही सोनिया शामिल थे। जांच के दौरान पता चला कि महिला घरेलू परेशानी के चलते बच्चों सहित ट्रेन से मुंबई चली गई थी।
पुलिस को सूचना मिली कि किसी व्यक्ति ने उन्हें मुंबई से अमृतसर जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया है। इसके बाद पुलिस ने अपने सूचना तंत्र और तकनीकी सहायता से ट्रेन को ट्रेस किया। शनिवार सुबह करनाल रेलवे स्टेशन के पास उक्त ट्रेन से महिला और दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए महिला और बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया। इस कार्रवाई से ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान का उद्देश्य एक बार फिर सफल हुआ, जिसके तहत बिछड़े लोगों को उनके परिवार से मिलाकर उनकी खुशियां लौटाई जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

