कैथल: हेरोइन सहित आरोपी काबू, बाइक जब्त
कैथल, 14 मई (हि.स.)। कैथल पुलिस ने थाना कलायत क्षेत्र से एक आरोपी को 11.25 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। मौके से उसकी बाइक भी जब्त की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली कि कलायत के सजूमा रोड कलायत निवासी सोनू उर्फ चोटीवाला नशा बेचने के लिए बाइक पर सवार होकर कलायत से सजूमा की ओर जाएगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत ड्रेन पुल, सजूमा रोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सजूमा रोड, कलायत निवासी सोनू के रूप में हुई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मौके पर पहुंचे तहसीलदार कलायत अजय कुमार की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से एक पॉलीथिन में 11.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर एएसआई बिजेंद्र सिंह ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

