कैथल: हरियाणा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बनेंगी दस मंडियां: श्याम सिंह राणा
कैथल, 12 मई (हि.स.)।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों से आह्वान किया कि वे पारंपरिक रासायनिक खेती से आगे बढ़कर प्राकृतिक खेती की ओर कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर होगी बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा। डीएपी व रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अधिक उपयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इससे गंभीर बीमारियां भी बढ़ती हैं। इसलिए किसानों को प्राकृतिक खेती अपनानी चाहिए। उन्होंने देसी गाय पालन को बढ़ावा देने की बात कही और बताया कि सरकार इसके लिए 30 हजार रुपये तक का अनुदान दे रही है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 10 विशेष मंडियां स्थापित करेगी, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य और सुविधा मिल सके।
मंत्री ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में 17 मई को शहजादपुर अनाज मंडी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वीके सिंह और नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मंगलवार को गांव अगोंध, कसौर, पीडल, भुना, ककहेड़ी, पाड़ला और गोहरां खेड़ी में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महापुरुषों की जयंती को सम्मानपूर्वक मनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि युवाओं को उनके जीवन संघर्ष और देश के प्रति योगदान की जानकारी मिल सके। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आत्मनिर्भरता बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से ईंधन की बचत करने, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने और अनावश्यक खर्चों में कटौती करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर महेंद्र सिंह चीमा, राजेश कुमार उर्फ पिंटू, पूर्व सरपंच श्याम सिंह राणा, मदन सिंह राणा, देवेंद्र सिंह, कल्याण सिंह, बलविंद्र सिंह, ईश्वर सिंह, सोमनाथ, जिले सिंह राणा, अनिल, राजेंद्र सिंह, रणदीप सिंह, तेलूराम, महीपाल सिंह सहित कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप-निदेशक रविंद्र सिंह और एसडीओ कंचल समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

