कैथल: स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में पकड़े
कैथल, 01 जून (हि.स.)। शहर के अंबाला रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापा मारकर तीन युवक और तीन युवतियों को संदिग्ध हालत में काबू किया है।
पुलिस टीम सभी को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाना ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी बीरभान ने बताया कि
गुप्त सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में बाहरी जिलों से युवतियों और महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक रेडिंग टीम का गठन किया और सोमवार शाम को स्पा सेंटर पर अचानक छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को सेंटर के तीन अलग-अलग कमरों में तीन युवक और तीन युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने मौके पर ही सभी को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पकड़े गए युवकों को दूसरे रास्ते से बाहर निकाला, ताकि किसी प्रकार का हंगामा न हो।
मौके पर कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे डीएसपी बीरभान ने बताया कि सिविल लाइन थाना और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह रेड की है। उन्होंने कहा कि मामले में अनैतिक कार्यों से संबंधित धाराओं के तहत स्पा सेंटर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध गतिविधि के पीछे कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस तरह के अनैतिक कार्यों में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

