कैथल: स्कूल का संचालक 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
कैथल, 08 मई (हि.स.)। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार काे जिले के गांव बढ़सीकरी स्थित गीता निकेतन स्कूल के संचालक ओम हुड्डा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर से उसकी पुत्रवधु के शैक्षणिक दस्तावेज ठीक कराने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर रामचंद्र देशवाल ने शिकायत दी थी कि उसकी पुत्रवधु की 8वीं और 10वीं की डीएमसी (डिटेल मार्क्स सर्टिफिकेट) में नाम में त्रुटि है। इसे ठीक कराने के लिए आरोपी स्कूल संचालक ओम हुड्डा ने 75 हजार रुपये की मांग की थी। आरोपी ने यह भी कहा था कि उसके भिवानी शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों से संबंध हैं और वह उनके माध्यम से दस्तावेज सही करवा देगा।
शिकायतकर्ता ने आरोपी को बताया कि उसके पास केवल 50 हजार रुपये ही हैं। इस पर आरोपी ने पहले 50 हजार रुपये लेकर बाकी 25 हजार रुपये बाद में देने की बात मान ली और उसे अपने स्कूल बुलाया।
इसके बाद रामचंद्र देशवाल ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर सूबे सिंह सैनी को दी। शिकायत के आधार पर टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जाल बिछाया और आरोपी को उसके ही स्कूल परिसर में 50 हजार रुपये लेते हुए काबू कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह के मामलों में लोगों से पैसे लेकर सर्टिफिकेट जारी कराने का काम करता रहा है। उसके कार्यालय से कई फर्जी मोहरें भी बरामद हुई हैं। आरोपी भिवानी शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के नाम पर सेटिंग होने का दावा कर लोगों से ठगी करता था।
एसीबी के।इंस्पेक्टर सूबे सिंह सैनी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि उसकी किन-किन अधिकारियों से सांठगांठ है और वह अब तक कितने लोगों से पैसे ले चुका है। मामले की गहन जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

